कवि राजवीर सिकरवार 30 Mar 2023 कविताएँ धार्मिक राजवीर भारती 91355 0 Hindi :: हिंदी
कवित्त रामायण-(महाकाव्य)
""""""""""""""""""""""""""""""""""
रावण द्वारा जानकी को अशोक वाटिका में पूर्ण सुरक्षा प्रदान करना ।
- आपके सुझाव सादर आमंत्रित -
-----------------
लंकापति जानकी को लेके लौट आया लंक,
लाया जहां भव्य सी बनी अशोक वाटिका ।
शिंशपा के साथ में अशोक के असंख्य वृक्ष,
पादपों के झुंड से घनी अशोक वाटिका ।
ताल के किनारे भांति-भांति के खिले हैं पुष्प,
प्राकृतिक रूप से धनी अशोक वाटिका ।
"भारती" कछार से बयार चले मंद -मंद,
सोंधी-सी सुगंध से सनी अशोक वाटिका ।
____________
लंकापति द्वारा यान से उतार वाटिका में,
मान औ सम्मान देके लाई गई जानकी ।
सौंपी गई नारी एक नारी सैनिकों के हाथ,
बंदी भी विधान से बनाई गई जानकी ।
पुरुष प्रवेश पे लगाया प्रतिबंध पूर्ण,
वाटिका में शान से बिठाई गई जानकी ।
"भारती" विभीषण की पुत्री त्रिजटा के साथ,
राजसी सुरक्षा में रखाई गई जानकी ।
_________________________________
कवि राजवीर सिकरवार
सबलगढ़ मुरैना म.प्र.